
उज्जैन। शहर के कोयला फाटक क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान से खरीदी गई गुपचुप मिठाई को लेकर ग्राहक ने खाद्य विभाग में शिकायत की है। ग्राहक का आरोप है कि घर पर पैकेट खोलने पर मिठाई में कीड़े दिखाई दिए और उसमें से दुर्गंध भी आ रही थी।
शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम सोमवार शाम संबंधित दुकान और मिठाई तैयार करने वाली जगह पर पहुंची। अधिकारियों ने मिठाई का नमूना लिया और उसे जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
250 ग्राम मिठाई खरीदने के बाद सामने आई समस्या
कोयला फाटक निवासी चेतन शर्मा के मुताबिक उन्होंने सोमवार सुबह लाला श्री मिष्ठान भंडार से 250 ग्राम गुपचुप मिठाई खरीदी थी। इसके लिए उन्होंने 170 रुपए का भुगतान किया था।
घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने पैकेट खोला तो मिठाई में कीड़े नजर आए। साथ ही मिठाई से बदबू आने की बात भी सामने आई। इसके बाद ग्राहक ने मिठाई की तस्वीरें लेकर खाद्य विभाग को ऑनलाइन शिकायत भेजी।
चेतन शर्मा का कहना है कि इससे पहले भी इसी दुकान से खराब मिठाई मिलने की शिकायत हुई थी। उस समय दुकान संचालक ने मिठाई बदलकर दूसरी मिठाई दी थी।
दुकानदार ने कहा- जांच के बाद करेंगे समाधान
दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि ग्राहक को जिस ट्रे से मिठाई दी गई थी, उसे जांचा गया है और फिलहाल ट्रे में कोई खराबी नहीं मिली है।
उन्होंने ग्राहक से संबंधित मिठाई दुकान पर वापस लाने के लिए कहा है। संचालक के अनुसार, यदि मिठाई खराब पाई जाती है तो उसे बदलकर दूसरी मिठाई दी जाएगी। अन्यथा ग्राहक को उसके पैसे वापस कर दिए जाएंगे।
खाद्य विभाग ने दुकान के साथ कारखाने का भी निरीक्षण किया
फूड ऑफिसर बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि विभाग को ऑनलाइन शिकायत मिली थी, जिसमें मिठाई में फंगस होने की बात कही गई थी।
शिकायत के बाद टीम ने मिठाई की दुकान के अलावा उसे तैयार करने वाली जगह का भी निरीक्षण किया। संबंधित मिठाई का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
अधिकारी के मुताबिक, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
