रतलाम जिले के पलसोड़ी गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही तीन साल की बच्ची पर एक बाहरी कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेत पर गए हुए थे, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर गए हुए हैं।
<h2>आंगन में खेल रही बच्ची पर कुत्ते ने किया हमला</h2>
जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की है। मनीषा पिता राजू भाभर घर के आंगन में खेल रही थी। आंगन में एक गाय भी बंधी हुई थी। इसी दौरान एक बाहरी कुत्ता आंगन में घुस आया और बच्ची पर हमला कर दिया।
कुत्ते ने बच्ची के सिर और पीठ को बुरी तरह नोच लिया। बताया गया कि कुत्ते ने आंगन में बंधी गाय पर भी हमला किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाली महिलाएं मौके पर पहुंचीं और कुत्ते को भगाया।
इसके बाद घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
<h2>जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया</h2>
परिजनों के मुताबिक, बच्ची की बड़ी मां मुन्ना बाई और पड़ोसी राजू भाभर शाम करीब 5:45 बजे उसे लेकर रतलाम जिला अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्ची की मौत हो चुकी थी। इसके बाद शाम करीब 7 बजे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम शुक्रवार सुबह किया जाना था।
<h2>माता-पिता अजमेर में कर रहे मजदूरी</h2>
पड़ोसी राजू भाभर के मुताबिक, मनीषा अपने दादा शंभु भाभर और दादी सागू बाई के साथ पलसोड़ी गांव में रह रही थी। उसके माता-पिता करीब एक महीने पहले मजदूरी करने के लिए अजमेर गए थे।
घटना की सूचना बच्ची के माता-पिता को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार, उनके शुक्रवार सुबह तक गांव पहुंचने की संभावना थी।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक का माहौल है।
<h2>बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता जरूरी</h2>
खुले आंगन या घर के बाहर खेल रहे छोटे बच्चों के आसपास आवारा कुत्तों की मौजूदगी जोखिम पैदा कर सकती है। ऐसे में छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ना, घर के प्रवेश द्वार की सुरक्षा करना और आक्रामक कुत्ते दिखाई देने पर स्थानीय प्रशासन को सूचना देना जरूरी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137