
मध्य प्रदेश के उज्जैन में मक्सी रोड पंचक्रोशी मार्ग के पास स्थित उंडासा तालाब में डूबने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना शुक्रवार शाम की है। युवक गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने के लिए उतरा था।
मृतक की पहचान पंवासा की सत्संग गली निवासी गोलू उर्फ सागर (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बापू नगर में किराए के कमरे में अपनी महिला मित्र के साथ रहता था। घटना के समय उसकी महिला मित्र तालाब के किनारे मौजूद थी।
दोस्त के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचा था
मृतक की महिला मित्र के अनुसार, गोलू अपने दोस्त अनमोल के साथ उंडासा तालाब पहुंचा था। तीनों ने गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। बताया गया कि प्रतिमा का विसर्जन प्रशासन और पुलिस द्वारा तय किए गए स्थान के बजाय तालाब के दूसरे हिस्से में किया गया था।
विसर्जन के बाद अनमोल वहां से चला गया। इसके बाद गोलू ने अपनी महिला मित्र से कहा कि उसे तैरना आता है और वह तालाब में नहाकर वापस आएगा। इसके बाद वह पानी में उतर गया।
तालाब के बीच टापू तक पहुंचा, फिर पानी में उतरा
बताया गया कि गोलू तैरते हुए तालाब के बीच स्थित एक टापू तक पहुंच गया। वहां कुछ देर रुकने के बाद उसने दोबारा पानी में छलांग लगाई। इसके बाद वह आगे बढ़ने के बजाय पानी में संघर्ष करता दिखाई दिया।
महिला मित्र किनारे से उसे वापस आने के लिए कहती रही। कुछ देर बाद गोलू पानी में दिखाई देना बंद हो गया। इसके बाद महिला ने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी और पुलिस को सूचना दी।
SDRF ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला शव

सूचना मिलने पर पंवासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तालाब में युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों को बुलाया। टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गोलू का शव पानी से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। इसके बाद एसडीआरएफ की मदद से युवक का शव बरामद किया गया। घटना से जुड़े परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
