
रतलाम के सराफा बाजार के पास चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। यहां भंडारी ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाकर तीन चोर 2 लाख रुपये से अधिक कीमत के आर्टिफिशियल ज्वेलरी और करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए PPE किट पहन रखी थी। दुकान में लगे CCTV कैमरों में तीनों संदिग्ध कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर
दुकान संचालक रजत भंडारी के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद की थी। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराना ने फोन कर दुकान के दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर रजत भंडारी दुकान पहुंचे। अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के तीन से चार बॉक्स खाली मिले। चोर व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे और कड़ियां सहित 2 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद ले गए।
PPE किट पहनकर पहुंचे तीन चोर CCTV में कैद
दुकान में लगे CCTV कैमरों के फुटेज में तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने PPE किट पहन रखी थी और अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। फुटेज में उनके हाथों में टॉर्च भी नजर आ रही है।
CCTV फुटेज के अनुसार, संदिग्ध बुधवार तड़के करीब 3:50 बजे दुकान के अंदर दिखाई दिए। पहचान छिपाने के लिए PPE किट का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और वारदात से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।
ASP समेत पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरी की सूचना मिलने के बाद एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने दुकान के अंदर और ऊपरी मंजिल पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। फुटेज में तीन आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रतलाम के सराफा बाजार के पास हुई इस वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
