रतलाम। जिले के करमदी रोड फोरलेन पर रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर स्ट्रीट लाइट बंद थी, जिससे अंधेरे में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

करमदी गांव से लौटते समय हुआ हादसा
हादसा रविवार रात करीब 10 बजे करमदी फोरलेन स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास हुआ। लक्ष्मीनगर निवासी केशव परिहार (20) अपने दोस्त शोएब उर्फ शाहिद (25) के साथ बाइक से करमदी गांव से रतलाम लौट रहे थे। पेट्रोल पंप के आगे अंधेरे में उनकी बाइक डिवाइडर से जा टकराई।
सिर में गंभीर चोट, सड़क पर बिखरा खून
टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद सड़क पर काफी खून फैल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक दोस्त पहले ही उतर गया था
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों के साथ उनका एक अन्य दोस्त धर्मेंद्र राठौर भी करमदी से निकला था। रास्ते में वह एचपी पेट्रोल पंप पर काम करने वाले अपने परिचित से मिलने के लिए रुक गया। कुछ ही देर बाद उसे दोनों दोस्तों के हादसे की सूचना मिली।
दोनों परिवारों में पसरा मातम
मृतक केशव डेकोरेशन का कार्य करता था। उसके पिता फूल मंडी क्षेत्र में चाय की दुकान चलाते हैं। वहीं शोएब एक आइसक्रीम पार्लर में काम करता था और उसके पिता डाट की पुल के पास फल का ठेला लगाते हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
माणक चौक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय स्ट्रीट लाइट बंद थी या नहीं और दुर्घटना के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं था।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
