रतलाम। शहर के सुनारों की बावड़ी क्षेत्र में हुई दिल दहला देने वाली हत्या के मामले में नया खुलासा सामने आया है। पत्नी रुकैया की चाकू से हत्या करने के आरोपी असगर अली ने गिरफ्तारी के बाद थाने में भी बार-बार पत्नी से मिलने की जिद की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान वह सिर्फ इतना कहता रहा, “मुझे रुकैया से मिला दो।” हत्या की वजह के बारे में उसने कोई जानकारी नहीं दी।

गले से छाती तक किए 35 चाकू के वार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी के गले से लेकर छाती तक करीब 30 से 35 चाकू के वार किए। हमले में गले के बाएं हिस्से में गंभीर घाव हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण और अन्य चिकित्सीय तथ्यों की पुष्टि होगी।
बेटी ने पड़ोसियों को दी सूचना
घटना के समय दंपती की 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटा घर में मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर बेटी नीचे आई और पड़ोसियों को बताया कि पिता मां पर हमला कर रहे हैं। परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी पत्नी के सीने पर बैठकर चाकू से हमला कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शव के पास बैठा मिला आरोपी
माणक चौक थाना पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो आरोपी पत्नी के शव के पास बैठा मिला। उसके एक हाथ में चाकू था और दूसरा हाथ मृतका के गले पर रखा हुआ था। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
हत्या का कारण अब भी रहस्य
मृतका के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पति-पत्नी के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
मानसिक उपचार की भी जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पिछले करीब छह महीने से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। कुछ लोगों का दावा है कि परिजन उसे धार्मिक उपचार के लिए भी ले गए थे। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इन दावों की पुष्टि जांच और दस्तावेजों के आधार पर की जाएगी।
घटना के बाद कमरे को किया सील
पुलिस ने वारदात वाले कमरे को सील कर दिया है। रविवार रात समाज और परिजनों की मौजूदगी में रुकैया का अंतिम संस्कार किया गया। गमगीन माहौल के चलते उसी रात परिजनों से विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी। अब पुलिस बयान दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
