रतलाम में मौलाना जर्जिस अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सोमवार को शहर के मित्र निवास रोड पर हिंदू संगठनों और समाजजनों ने मौलाना के फोटो वाले पोस्टर सड़क पर चिपकाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बिलपांक स्थित विरुपाक्ष महादेव मंदिर जा रही कांवड़ यात्रा भी इसी मार्ग से निकली, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और जय श्रीराम के जयघोष के बीच विरोध जताते हुए पोस्टरों के ऊपर से पैदल मार्च किया।

सड़क पर पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। कुछ देर तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही, हालांकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
कार्रवाई की मांग
हिंदू समाज के प्रतिनिधि प्रकाश सांवरिया ने आरोप लगाया कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित विवादित टिप्पणी की है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विरोध
बताया जा रहा है कि मौलाना जर्जिस अंसारी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इससे पहले भी उनके कथित बयानों को लेकर विवाद हो चुका है। अब भगवान शिव और भगवान ब्रह्मा से जुड़ी कथित टिप्पणियों के विरोध में विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
