रतलाम। डोसीगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की ईडब्ल्यूएस मल्टी के रहवासियों ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री चेतन्य कश्यप के स्टेशन रोड स्थित निवास के बाहर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क पर बैठकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और बकाया राशि के नोटिस के आधार पर की जा रही बेदखली की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।

रहवासियों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश और रोजगार प्रभावित होने के कारण वे एकमुश्त बकाया राशि जमा करने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने सरकार से किस्तों में भुगतान की सुविधा देने और परिवारों को बेघर नहीं करने की अपील की।
बकाया नोटिस के बाद बढ़ा विवाद
नगर निगम ने पीएम आवास योजना के 208 हितग्राहियों को तीन दिन के भीतर बकाया राशि जमा करने का नोटिस जारी किया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि 4 अगस्त तक भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार फ्लैट खाली कराए जाएंगे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

इसी नोटिस के बाद शुक्रवार को निगम की टीम जब डोसीगांव मल्टी में नोटिस चस्पा करने पहुंची थी, तब रहवासियों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। मामला पथराव और मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए और घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
मंत्री आवास के बाहर किया विरोध
शनिवार को बड़ी संख्या में रहवासी अपनी मांगों को लेकर मंत्री चेतन्य कश्यप के निवास पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और बेदखली की कार्रवाई रोकने की मांग उठाई। उनका कहना था कि सरकार उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए राहत दे।
पुलिस ने समझाइश देकर हटाया
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें समझाया कि सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय नगर निगम द्वारा लगाए गए शिविर में अपनी समस्या दर्ज कराएं। समझाइश के बाद सभी प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वहां से लौट गए।
नगर निगम ने लगाया समाधान शिविर
प्रशासन के अनुसार डोसीगांव स्थित पीएम आवास परिसर में विशेष शिविर लगाया गया है, जहां हितग्राहियों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और बकाया राशि से जुड़े मामलों का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, बेदखली की समयसीमा नजदीक आने से रहवासियों में अभी भी चिंता बनी हुई है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
