इंदौर। भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन हुआ। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री और समाजजन चंदन नगर थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने अपनी एक तकरीर में भगवान भोलेनाथ (महाकाल) के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस दौरान थाने के बाहर नारेबाजी भी की गई और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस को सौंपा वीडियो, जांच शुरू
प्रदर्शनकारियों ने शिकायत के साथ एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसमें दूसरे धर्म के एक धार्मिक गुरु द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस पहले यह सत्यापित कर रही है कि वीडियो कहां का है, उसमें दिखाई देने वाला व्यक्ति कौन है और वीडियो की प्रामाणिकता क्या है। जांच पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिसके बाद कांवड़ यात्रा आगे बढ़ाई गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
उनके अनुसार, अगले सोमवार को लगभग 5 हजार लोगों की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर थाना या एसपी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
नोट: इस मामले में पुलिस ने अभी किसी आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल शिकायत के साथ मिले वीडियो और आरोपों की जांच जारी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
