रतलाम के माणक चौक थाना क्षेत्र स्थित सुनारों की बावड़ी में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मोबाइल कारोबारी असगर अली (35) ने कथित रूप से अपनी पत्नी रुकैया (33) की धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के समय दंपती के 7 साल की बेटी और 2 साल का बेटा भी घर में मौजूद थे। महिला की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी लगातार हमला कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया।

चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसी, देखा खून से लथपथ महिला
पड़ोसी शांतिलाल राठौर ने बताया कि महिला की चीख सुनकर वे अन्य लोगों के साथ घर के अंदर पहुंचे। उन्होंने देखा कि आरोपी पति पत्नी के सीने पर बैठकर उसके गले पर चाकू से लगातार वार कर रहा था। महिला गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ पड़ी थी। आरोपी ने पड़ोसियों को देखकर भी आक्रामक व्यवहार किया, जिससे वे बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बेटी ने दादा को दी घटना की जानकारी
पुलिस के अनुसार, मकान के नीचे आरोपी के पिता की हार्डवेयर की दुकान है। घटना के दौरान घर में मौजूद 7 वर्षीय बेटी नीचे पहुंची और अपने दादा को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से पकड़ा
माणक चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी शव के पास ही मौजूद था। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
हत्या की वजह की जांच जारी
थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
