मध्य प्रदेश के रतलाम में शादी के सिर्फ पांच दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बिहार की रहने वाली 23 वर्षीय संध्या चौधरी आधी रात को दूसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान रस्सी टूट गई और वह करीब 25 फीट नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पति ने बताया कैसे हुई घटना
यह घटना 30 जुलाई की रात माणकचौक थाना क्षेत्र के करमदी रोड की है। मृतका के पति मुकेश चौहान ने बताया कि दोनों रात में कमरे में सो रहे थे। देर रात जब उनकी नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। काफी तलाश के बाद घर के पीछे रेत के ढेर पर वह गंभीर हालत में मिली। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम को दूसरी मंजिल से बंधी टूटी हुई रस्सी मिली, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
2.60 लाख रुपए देकर कराई गई थी शादी
मुकेश चौहान ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 26 जुलाई को बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली संध्या चौधरी से कराई गई थी। शादी एक दलाल के माध्यम से हुई थी, जिसके लिए उसने करीब 2.60 लाख रुपए दिए थे। उसका आरोप है कि शादी कराने वाले लोगों ने लड़की के परिवार की पूरी जानकारी भी नहीं दी और शादी की फोटो-वीडियो बनाने से भी मना किया गया।
परिजन नहीं पहुंचे, पति ने किया अंतिम संस्कार
महिला की मौत की सूचना बिहार में उसके परिजनों को दी गई, लेकिन कोई भी रतलाम नहीं पहुंचा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव पति को सौंप दिया, जिसके बाद उसने अंतिम संस्कार किया।
दलालों की भूमिका पर उठे सवाल
मुकेश का आरोप है कि बिहार में शादी की पूरी व्यवस्था राजेश नामक व्यक्ति ने कराई थी। घटना के बाद उसने परिजनों से संपर्क कराने में भी टालमटोल की। पुलिस को दलालों की भूमिका संदिग्ध लग रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही कई एंगल से जांच
माणकचौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शादी कराने वाले दलालों, महिला के परिजनों और पूरी शादी प्रक्रिया की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह मामला किसी संभावित लुटेरी दुल्हन गिरोह से तो जुड़ा नहीं है। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
