
रतलाम। रतलाम के सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में पांच दिन पहले नाले से मिले 32 वर्षीय युवक के शव का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, घर में सो रहे युवक पर उसकी पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद शव को घर से करीब 50 मीटर दूर नाले में ले जाकर फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी ललिता, उसके प्रेमी राकेश और राकेश के दोस्त भूरा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए का सामान भी बरामद किया है।
2 सितंबर को नाले में मिला था युवक का शव
2 सितंबर को सरवन थाना क्षेत्र की बेड़दा चौकी अंतर्गत ग्राम बोरदा में एक युवक का शव नाले में मिला था। मृतक की पहचान भीमा पिता मनोहर चरपोटा के रूप में हुई थी।

प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर चोट के निशान मिले थे और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका जताई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी ललिता के गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद शक की दिशा उसकी ओर भी गई।

पुलिस ने ललिता की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई।
एक महीने पहले पति को पता चला था प्रेम संबंध
पुलिस की जांच के मुताबिक ललिता के राकेश के साथ प्रेम संबंध थे। करीब एक महीने पहले भीमा को इस रिश्ते की जानकारी हो गई थी।
पति को संबंधों के बारे में पता चलने के बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी। पुलिस के अनुसार इसके बाद ललिता और राकेश ने भीमा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
राखी से पहले भी हत्या की कोशिश की योजना
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने राखी से पहले भी भीमा की हत्या करने की योजना बनाई थी, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल सका।
इसके बाद 1 सितंबर को भीमा को जंगल ले जाकर हत्या करने की योजना बनाई गई। यह प्रयास भी सफल नहीं हुआ। आखिरकार आरोपियों ने घर में ही हत्या को अंजाम देने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, जब भीमा घर में सो रहा था, तब ललिता ने उस पर कुल्हाड़ी से वार किया। इसी दौरान राकेश ने उसके पैर पकड़ लिए। राकेश का दोस्त भूरा घर के बाहर निगरानी करता रहा।
हत्या के बाद घर में छिपाया शव
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद भीमा के शव को घर के उस स्थान पर रखा गया, जहां बकरियां बांधी जाती थीं। घटना के दौरान गिरे खून के निशानों को गोबर से लीपकर मिटाने की कोशिश की गई।
इसके बाद 1 सितंबर की रात करीब 11 बजे राकेश और भूरा दोबारा घर पहुंचे। दोनों ने शव को बाहर निकाला और घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित नाले में ले जाकर फेंक दिया।
जेवर, मोबाइल और कपड़े समेत सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक से संबंधित कई सामान भी बरामद किए हैं। इनमें चांदी का कड़ा, सोने की बाली, चांदी की पैर की कड़ियां और सिम शामिल हैं।
इसके अलावा आरोपियों के घटना के समय पहने हुए कपड़े और उनके मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है।
पत्नी, प्रेमी और दोस्त गिरफ्तार
एएसपी राकेश पंद्रों के अनुसार मामले में मृतक की पत्नी ललिता, उसके प्रेमी राकेश पिता जीवणा माईड़ा निवासी रामपुरिया और राकेश के दोस्त भूरा डिंडौर को गिरफ्तार किया गया है।
तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
