
रतलाम। रतलाम में रेलवे ग्रुप-D यानी लेवल-वन भर्ती के लिए चल रहे फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) में एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। बिहार से आया युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा था। रेटिना मैचिंग के दौरान रेलवे कर्मचारियों को उस पर शक हुआ और जांच में उसकी असलियत सामने आ गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी 2 सितंबर को भी रेलवे ग्राउंड पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह फिजिकल टेस्ट दे चुका था। उस दौरान वह दौड़ में सफल नहीं हो पाया था। रविवार को वह एक अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर PET देने पहुंचा, लेकिन इस बार रेटिना जांच में पकड़ा गया।
मामले में रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ पश्चिम रेलवे मुंबई के कार्यालय अधीक्षक राजेश्वर तिवारी की शिकायत पर जीआरपी थाना रतलाम ने प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने फर्जी अभ्यर्थी अजीत कुमार और अभ्यर्थी निरंजन कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि कुंदन कुमार की तलाश की जा रही है।
रेटिना मैचिंग के दौरान खुला फर्जीवाड़ा
घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे की है। रेलवे ग्राउंड पर रेलवे ग्रुप-D भर्ती के लिए PET चल रहा था। बिहार के मुंगेर जिले के रतनठा गांव का रहने वाला 26 वर्षीय अजीत कुमार, पिता दिनेश कुमार कुशवाह, फिजिकल टेस्ट में शामिल होने पहुंचा था।
परीक्षा प्रक्रिया के तहत जब उसकी रेटिना मैचिंग की गई तो कर्मचारियों को पता चला कि इसी व्यक्ति की पहले भी टेस्टिंग हो चुकी है। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि अजीत कुमार पहले भी किसी अन्य अभ्यर्थी की जगह PET में शामिल हो चुका था। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और आरोपी को जीआरपी के हवाले किया गया।
2 सितंबर को निरंजन कुमार की जगह दिया था टेस्ट
जांच में फर्जीवाड़े की एक और कड़ी सामने आई। पुलिस के अनुसार अजीत कुमार ने 2 सितंबर को अभ्यर्थी निरंजन कुमार की जगह रेलवे ग्राउंड पर फिजिकल टेस्ट दिया था।
उस दिन अजीत ने निरंजन के नाम पर दौड़ में हिस्सा लिया था, लेकिन वह PET में अयोग्य घोषित हो गया था।
इसके बाद भी उसने फर्जी तरीके से दोबारा परीक्षा देने की कोशिश की। रविवार को वह अभ्यर्थी कुंदन कुमार की जगह फिजिकल टेस्ट देने पहुंचा था। इस बार रेटिना मैचिंग के दौरान उसकी पहचान हो गई और पूरा मामला सामने आ गया।
निरंजन और कुंदन पर भी दर्ज हुआ केस
फर्जी अभ्यर्थी के जरिए PET दिलाने के मामले में पुलिस ने सिर्फ अजीत कुमार के खिलाफ ही कार्रवाई नहीं की है। अभ्यर्थी निरंजन कुमार और कुंदन कुमार के खिलाफ भी धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक निरंजन कुमार मुंगेर जिले के धनपुरा का रहने वाला है, जबकि कुंदन कुमार शंभूपुरा, जिला मुंगेर का निवासी है।
जीआरपी ने अजीत कुमार और निरंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कुंदन कुमार रतलाम में PET देने नहीं पहुंचा था। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
फर्जी अभ्यर्थियों के नेटवर्क की जांच करेगी पुलिस
मामले में पुलिस को आशंका है कि फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने के पीछे अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं। इसी वजह से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
चौकी प्रभारी रामपाल इवने के अनुसार अजीत कुमार और निरंजन कुमार को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस दोनों का रिमांड लेकर पूछताछ करेगी। इस दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने की व्यवस्था किसने कराई और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
