
मंदसौर। मंदसौर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब नया ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सोमवार को सुशासन भवन में हुई साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में काम शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था के साथ-साथ CM हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, राजस्व मामलों, वाहनों की जांच और बारिश से खराब हुई सड़कों को लेकर भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 50 दिन से अधिक समय से लंबित CM हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
50 दिन से ज्यादा पुरानी शिकायतों का होगा निराकरण
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि CM हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का संतोषजनक तरीके से समाधान किया जाए। लंबे समय से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका मंदसौर को भी शिकायतों के निराकरण की गति बढ़ाने को कहा गया। वहीं, जिन शिकायतों से जुड़े मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं, उन्हें नियमों के अनुसार फोर क्लोज करने के निर्देश दिए गए।
तहसील स्तर पर लगाए जाएंगे राजस्व कैंप
बैठक में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तहसील स्तर पर राजस्व कैंप लगाने की भी बात कही गई। इन कैंपों के माध्यम से अतिक्रमण, नामांतरण, बंटवारा, बंटाकन, बीपीएल कूपन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों का समाधान किया जाएगा।
परिवहन विभाग को लगातार वाहनों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को भी कहा गया।
सात दिन में देनी होगी लंबित मामलों की जानकारी
अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में समय सीमा वाले पत्रों को लेकर भी कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए। संबंधित विभागों को ऐसे पत्रों की जानकारी सात दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने की बात कही गई।
11 सितंबर को मल्हारगढ़ क्षेत्र में पहुंचेंगे अधिकारी
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 11 सितंबर को मल्हारगढ़ क्षेत्र में अधिकारियों का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान अधिकारी बुढ़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे बातचीत करेंगे।
ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को मौके पर सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनके लिए निर्धारित समय सीमा तय की जाएगी।
मंदसौर के लिए नया ट्रैफिक प्लान तैयार होगा
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मंदसौर शहर की यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने शहर के लिए व्यवस्थित मंदसौर ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण, ट्रैफिक सिग्नल, अतिक्रमण हटाने, डायवर्सन और शहर में आने-जाने वाले अलग-अलग मार्गों को लेकर चर्चा की गई।
शहर में यातायात को सुचारु बनाने के लिए किन स्थानों पर बदलाव की जरूरत है, इसका भी परीक्षण किया जाएगा।
बारिश से खराब सड़कों की जल्द होगी मरम्मत
बारिश के कारण जिले में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, पीएमजीएसवाई, आरईएस और एनएचएआई के अधीन आने वाली सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सड़कों के किनारे बने अनधिकृत और अनावश्यक कट बंद करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा से संबंधित सुधारात्मक कार्य भी निर्धारित समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी नजर
कलेक्टर ने शहर में लगे CCTV कैमरों की स्थिति की जानकारी ली। सड़क पर होने वाली अनियमित पार्किंग को रोकने के निर्देश नगरपालिका को दिए गए।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जरूरी स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने और यातायात बाधित करने वाले स्थानों की पहचान करने को भी कहा गया।
बैठक में शहर में भारी वाहनों के प्रवेश और संचालन पर प्रतिबंध, कृषि उपज मंडी के बाहर खड़े ट्रैक्टरों की व्यवस्था और यातायात को प्रभावित करने वाले अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई। बैठक में एसपी विनोद कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कैरियर काउंसिलिंग के लिए 18 सितंबर तक आवेदन
जिला रोजगार अधिकारी ने बैठक में बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश शासन की कैरियर काउंसिलिंग योजना के तहत मनोवैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञों के गेस्ट पैनल में नामांकन के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार 18 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं। मनोवैज्ञानिक पद के लिए मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री या पीजी डिप्लोमा होना जरूरी है।
वहीं विषय विशेषज्ञ के लिए संबंधित विषय में विशेषज्ञता के साथ मार्गदर्शन का अनुभव और किसी भी स्ट्रीम में डिग्री, डिप्लोमा या पीजी डिग्री होना आवश्यक है।
कैरियर काउंसिलिंग का अनुभव और कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित काउंसलरों को शासन द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा।
निर्धारित आवेदन पत्र जिला रोजगार कार्यालय, सुशासन भवन, कलेक्टर कार्यालय मंदसौर से कार्यालयीन समय में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं।
अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए 9118870369 और 7587965358 पर संपर्क किया जा सकता है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
