
रतलाम के विरियाखेड़ी स्थित सरकारी बाल सुधार गृह में शनिवार रात सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई। रतलाम बाल सुधार गृह से 7 नाबालिग फरार हो गए। आरोप है कि नाबालिगों ने चैनल गेट के पास सो रहे होमगार्ड पर पाइप और लात-घूंसों से हमला किया। इसके बाद गार्ड की जेब से चाबी निकालकर चैनल गेट और मुख्य गेट का ताला खोला और सभी भाग निकले।
पुलिस ने सुबह करीब 9 बजे इनमें से 6 नाबालिगों को नामली के पास रेलवे ट्रैक से पकड़ लिया। वहीं एक नाबालिग फरार होने में सफल रहा, जिसे पुलिस ने देर शाम उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया।
गार्ड पर हमला कर निकाली गेट की चाबी
घटना शनिवार रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। उस समय बाल सुधार गृह के कमरों में 22 बाल अपचारी बंद थे। पास के हिस्से में चौकीदार और होमगार्ड तैनात थे।
बताया गया कि भागने वाले 7 नाबालिगों ने पहले जाली वाले गेट को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद चैनल गेट के पास सो रहे गार्ड चंद्रकांत शर्मा पर हमला कर दिया।
नाबालिगों ने गार्ड के साथ पाइप और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने चादर के टुकड़े से गार्ड का गला दबाने की भी कोशिश की। हमले के बाद जब गार्ड कमजोर पड़ गया, तो उसकी पैंट की जेब से चाबी निकाल ली गई।
इसके बाद नाबालिगों ने चैनल गेट और मुख्य गेट का ताला खोला और बाल सुधार गृह से बाहर निकल गए।
रेलवे ट्रैक के रास्ते भागे नाबालिग
बाल सुधार गृह से निकलने के बाद सभी नाबालिग पास के रेलवे ट्रैक की ओर चले गए। वे रेलवे स्टेशन तक पहुंचे, लेकिन तत्काल ट्रेन नहीं मिलने के कारण रेलवे ट्रैक के रास्ते आगे बढ़ते रहे।
पुलिस ने सुबह करीब 9 बजे नामली के पास रेलवे ट्रैक पर घेराबंदी की। इस दौरान 6 नाबालिग पुलिस की पकड़ में आ गए, जबकि एक नाबालिग वहां से भागने में सफल रहा।
बाद में पुलिस ने फरार नाबालिग की तलाश शुरू की और उसे देर शाम उज्जैन से पकड़ लिया।
कौन-कौन से मामलों में आरोपी हैं नाबालिग?
पुलिस के अनुसार, फरार हुए 7 नाबालिगों में अलग-अलग आपराधिक मामलों से जुड़े आरोपी शामिल हैं।
- दो नाबालिग मंदसौर के रहने वाले हैं और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में आरोपी हैं। इनके पास से एमडी ड्रग्स बरामद होने की बात सामने आई है।
- एक 17 वर्षीय नाबालिग नीमच का रहने वाला है और जानलेवा हमले के मामले में आरोपी है।
- चार नाबालिग रतलाम जिले के हैं।
- इनमें एक 17 वर्षीय नाबालिग घर में घुसकर मारपीट के मामले में आरोपी है।
- दूसरा 17 वर्षीय नाबालिग हत्या और दुष्कर्म के मामले में आरोपी बताया गया है।
- एक 16 वर्षीय नाबालिग हत्या के मामले में आरोपी है।
- एक अन्य 16 वर्षीय नाबालिग दुष्कर्म के मामले में आरोपी है।
17 वर्षीय नाबालिग को बताया जा रहा मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए 6 नाबालिगों से पूछताछ में सामने आया कि रतलाम का 17 वर्षीय नाबालिग इस पूरी घटना की साजिश में मुख्य भूमिका में था।
बताया गया कि उसने पास वाले कमरे की सांकल खोली और अन्य नाबालिगों को भागने के लिए कहा। आरोप है कि उसी ने गार्ड पर हमला करने के लिए भी अन्य नाबालिगों को उकसाया।
दोस्त को फोन करने के बाद पुलिस ने की ट्रैकिंग
पूछताछ के दौरान पकड़े गए नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि फरार 17 वर्षीय नाबालिग ने उज्जैन में रहने वाले अपने एक दोस्त को फोन किया था।
इसके बाद पुलिस ने उसके दोस्त के मोबाइल नंबर की मदद से उसकी तलाश शुरू की। ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने फरार नाबालिग को उज्जैन से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, करीब 15 दिन पहले ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने इस नाबालिग को घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किया था।
बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद सरकारी बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नाबालिगों द्वारा गार्ड पर हमला करने, उसकी जेब से चाबी निकालने और मुख्य गेट का ताला खोलकर बाहर निकलने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने सभी 7 नाबालिगों को पकड़ लिया है और घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
