
मंदसौर जिले में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में 35 वर्षीय बाइक सवार की जान चली गई। दलोदा थाना क्षेत्र के नगरी फंटे के पास एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं और शरीर के अन्य हिस्से भी बुरी तरह घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गांव लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल (35), पिता मनोहर सिंह, निवासी गोंदी शंकर, थाना रिंगनोद, जिला रतलाम के रूप में हुई है। राहुल मंदसौर में समूह लोन से संबंधित फाइनेंस का काम करता था। गुरुवार रात वह अपनी स्प्लेंडर बाइक क्रमांक MP13 ZY 0668 से मंदसौर से अपने गांव की ओर जा रहा था।
रात करीब 11:30 बजे जब वह कचनारा चौकी क्षेत्र के नगरी फंटे के पास पहुंचा, तभी एक ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राहुल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।
दोनों पैरों में आई गंभीर चोट

दुर्घटना में राहुल के दोनों पैरों की हड्डियों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। इसके अलावा शरीर के निचले हिस्से सहित अन्य जगहों पर भी चोटें आईं। हादसे के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से उसे मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने राहुल का उपचार शुरू किया। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान करीब रात 2 बजे उसकी मौत हो गई।
फरार ट्रक चालक की तलाश
राहुल के परिजन रविराज सिंह सोनगरा ने बताया कि वह रात में मंदसौर से अपने गांव वापस जा रहा था। नगरी फंटे के पास अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक और दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
