
मंदसौर: जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सीतामऊ क्षेत्र के चार गांवों में एक साथ कार्रवाई की। मंगलवार शाम से देर रात तक चली कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से देशी शराब और बीयर बरामद की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार, कार्रवाई में कुल 80 पाव देशी शराब और 7 बीयर कैन जब्त किए गए हैं। मामले में चार लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
चार गांवों में की गई कार्रवाई
कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग को अवैध शराब के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने सीतामऊ क्षेत्र के चार गांवों में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ढंडेरा, मोरखेड़ा, लदूना और धतुरिया में अलग-अलग स्थानों की तलाशी ली गई।
अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाई थी शराब
आबकारी टीम सबसे पहले ग्राम ढंडेरा पहुंची। यहां एक दुकान और रहवासी मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलमारी में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी गई देशी प्लेन शराब की बोतलें मिलीं।
इसके बाद टीम ने ग्राम मोरखेड़ा में कार्रवाई की। यहां तलाशी के दौरान भूसे के ढेर में छिपाकर रखे गए मसाला देशी शराब के पाव बरामद किए गए।
इसी स्थान पर घर के किचन में गैस टंकी के पीछे से प्लेन शराब के पाव और बीयर की कैन भी मिलीं।
कूलर और वॉशिंग मशीन से मिली शराब

ग्राम लदूना में आबकारी टीम ने एक रहवासी मकान की तलाशी ली। यहां कमरे के एक कोने में रखे कूलर और वॉशिंग मशीन के अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी।
तलाशी के दौरान कूलर और वॉशिंग मशीन से देशी प्लेन तथा मसाला शराब बरामद की गई।
इसके अलावा ग्राम धतुरिया में एक गुमटी की तलाशी ली गई। यहां से अवैध रूप से रखी गई बीयर की कैन जब्त की गई।
चार आरोपियों पर आबकारी एक्ट में केस
आबकारी विभाग ने चारों स्थानों पर मिली शराब के मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। विभाग के मुताबिक, सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
फिलहाल चारों मामलों की जांच जारी है। आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
