
मंदसौर: जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र के दीपा खेड़ा गांव में एक 25 वर्षीय युवक की मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक ने बुधवार सुबह मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने तीन लोगों पर लाठी और सरिए से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मृतक की पहचान दीपा खेड़ा निवासी सुरेश पिता सीताराम सूर्यवंशी के रूप में हुई है। सुरेश मजदूरी का काम करता था।
सामान लेने बस स्टैंड गया था युवक
परिजनों के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे सुरेश दीपा खेड़ा बस स्टैंड पर कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान दशरथ, नागु सिंह और रामपाल नाम के तीन लोग उसे अपने साथ ले गए।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने सुरेश के साथ लाठी और सरिए से मारपीट की। मारपीट में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
भाई ने मौके पर पहुंचकर देखा घटनाक्रम
सुरेश के भाई अर्जुन को सूचना मिली कि कुछ लोग उसके भाई को अपने साथ लेकर गए हैं। जानकारी मिलने के बाद अर्जुन मौके पर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, वहां उसने तीनों लोगों को सुरेश के साथ मारपीट करते देखा।
अर्जुन को देखते ही आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद अर्जुन ने परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
गंभीर हालत में सुरेश को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मंदसौर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

परिवार के लोग रात करीब 12 बजे सुरेश को लेकर मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, सुरेश के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे। मौत के बाद बुधवार दोपहर तीन डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
लदुना चौराहे पर प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सीतामऊ की ओर रवाना हुए। इसी दौरान लदुना चौराहे पर लोगों ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों के मकान तोड़े जाने, उनका जुलूस निकाले जाने, पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग रखी।
एक साल पहले भी मारपीट का आरोप
परिजनों ने दावा किया कि जिन लोगों पर सुरेश के साथ मारपीट का आरोप लगाया जा रहा है, वे करीब एक साल पहले उसके भाई अर्जुन के साथ भी मारपीट कर चुके हैं।
परिजनों के अनुसार, उस घटना में अर्जुन का हाथ फ्रैक्चर हुआ था। परिवार का कहना है कि उस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपियों को जेल भेजा गया था।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों दशरथ और नागु सिंह को हिरासत में लिया है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने दशरथ और नागु सिंह को राउंडअप किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की जांच के बाद घटना की पूरी स्थिति और मारपीट के कारणों को लेकर अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
