
नीमच: जिले के जीरन तहसील के मालिया गांव स्थित देवनारायण मंदिर को लेकर चल रहा विवाद अब दो पक्षों के आरोपों तक पहुंच गया है। ग्रामीणों की शिकायत के एक दिन बाद बुधवार को मंदिर के पुजारी मोहनलाल मेघवाल अपने समर्थकों के साथ नीमच एसपी कार्यालय पहुंचे।
पुजारी ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इस दौरान एसपी कार्यालय परिसर में समर्थकों ने नारेबाजी भी की।
देव छठ के दिन विवाद शुरू होने का दावा
मोहनलाल मेघवाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि विवाद 16 सितंबर को देव छठ के अवसर पर शुरू हुआ था।
पुजारी के अनुसार, पूजा समाप्त होने के बाद मंदिर में प्रसाद वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान दूसरे मंदिर से जुड़े कुछ लोगों ने बच्चों को प्रसाद लेने से रोक दिया और उनके खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
मोहनलाल का कहना है कि उन्होंने इस बात का विरोध किया, जिसके बाद बैरागी परिवार और एक पुलिसकर्मी के परिजनों से जुड़े लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
पुजारी ने अंधविश्वास के आरोपों को बताया बेबुनियाद
पुजारी ने अपने आवेदन में कहा कि उनका परिवार पिछले 4 से 5 पीढ़ियों से देवनारायण मंदिर में सेवा और पूजा करता आ रहा है।
उन्होंने मंदिर में अंधविश्वास फैलाने और लोगों को डराने से जुड़े आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों का कोई आधार नहीं है।
पुलिस पर भी दबाव बनाने का आरोप
मोहनलाल ने पुलिस डायल 112 की टीम को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पुलिस टीम के माध्यम से उन पर दबाव बनाया गया और कथित तौर पर जबरन राजीनामा लिखवाया गया।
पुजारी ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे 2,100 रुपये लिए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपा।
पुजारी पद से हटाने का भी विवाद
मालिया गांव के देवनारायण मंदिर को लेकर विवाद की शुरुआत ग्रामीणों की शिकायत से हुई थी। ग्रामीणों ने मंदिर के पुजारी पर कथित तौर पर ढोंग करने, अंधविश्वास फैलाने और अवैध वसूली जैसे आरोप लगाए थे।
ग्रामीणों ने मंगलवार को बड़ी संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम तहसीलदार मृगेंद्र सिसोदिया को ज्ञापन सौंपा था। ग्रामीणों की मांग थी कि मंदिर के व्यवस्थापन को लेकर कार्रवाई की जाए और वर्तमान पुजारी को हटाकर नए पुजारी की नियुक्ति की जाए।
पुलिस ने जांच शुरू की
पुजारी की ओर से दिए गए आवेदन के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, आवेदन में लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मंदिर से जुड़े विवाद में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप सामने आए हैं। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट, धमकी और अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
