
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम के पानी के टैंकर की टक्कर से एक B.Tech छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसके साथ दोपहिया वाहन पर जा रहा भाई घायल हो गया। दुर्घटना छोटा बांगड़दा क्षेत्र में वेदांत स्कूल के पास बुधवार सुबह हुई। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
तेज रफ्तार टैंकर ने दोपहिया वाहन को मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, कटनी निवासी अर्चिता झार अपने भाई प्रणय के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थीं। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वेदांत स्कूल के पास नगर निगम के पानी के टैंकर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अर्चिता सड़क पर गिर गईं और टैंकर की चपेट में आ गईं। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में भाई भी हुआ घायल
दुर्घटना में अर्चिता के भाई प्रणय को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भाग रहे चालक को राहगीरों ने पकड़ा
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से वाहन लेकर निकलने की कोशिश करने लगा। राहगीरों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने चालक के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने टैंकर चालक की पहचान शुभम उर्फ सोहन चौकसे, निवासी गांधी नगर, के रूप में की है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम किया गया है और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस दुर्घटना के कारणों और टैंकर की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
