
रतलाम: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई। दुर्घटनाओं में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। दोनों घटनाएं रतलाम जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुईं।
जानकारी के अनुसार, पहला हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जबकि दूसरा हादसा लगभग 6:30 बजे हुआ। दोनों दुर्घटनाओं में कारें एक्सप्रेस-वे से नीचे खाई में जा गिरीं। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को बाहर निकलवाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
झपकी आने से रेलिंग तोड़कर खाई में गिरी कार
पुलिस के मुताबिक पहली कार में पंजाब का परिवार सवार था और वे मुंबई की ओर जा रहे थे। बताया गया है कि यात्रा के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। इसके बाद कार एक्सप्रेस-वे के बीच बनी सुरक्षा रेलिंग से टकराकर उसे तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी।
इस दुर्घटना में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। कार में मौजूद अन्य लोगों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे की वजह
पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस टीम सुबह करीब 6:30 बजे घटनास्थल का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान गुजरात नंबर की दूसरी कार वहां से गुजरते समय नियंत्रण खो बैठी। वाहन हवा में उछलकर सड़क के बीच बनी बाउंड्री से टकराया और नीचे खाई में जा गिरा।
दूसरी कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था। परिवार उत्तर प्रदेश से इलाज करवाकर वापस लौट रहा था। दुर्घटना में कार सवार दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए।
दूसरी कार के चालक की भी मौत

दूसरी दुर्घटना में 35 वर्षीय रवि हटीला कार चला रहे थे। हादसे में उनकी जान चली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस चौकी पर आवश्यक बयान दर्ज कराए।
परिवार के अनुसार रवि के साथ उनकी पत्नी रेणुका और अन्य परिजन यात्रा कर रहे थे। उनके परिवार में 12 वर्षीय बेटा कार्तिक, 10 वर्षीय बेटी पूर्वी और 8 वर्षीय आयुष हैं।
क्रेन से बाहर निकाली गईं दोनों कारें

दोनों हादसों के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। खाई में गिरी कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। शव वाहन के हिस्सों के नीचे दबे मिले। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को खाई से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने हादसों की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में पहले हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है, जबकि दूसरे हादसे का संबंध पहले हादसे में क्षतिग्रस्त हुई सुरक्षा रेलिंग से बताया गया है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
