
रतलाम। जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ी में रविवार रात एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही एक कंकाल और लापता नाबालिग लड़की के कपड़े मिलने की बात सामने आई है। लड़की 1 सितंबर से लापता बताई जा रही है। पुलिस कंकाल की पहचान को लेकर जांच कर रही है। डीएनए जांच के बाद ही इसकी पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
खेत में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
जानकारी के अनुसार, सेमलखेड़ी निवासी कुसुम गणावा रविवार शाम खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान उन्हें दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर एक शव पड़ा मिला। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद शाम करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
बारिश के कारण पुलिस करीब रात 8 बजे मौके पर पहुंच सकी। वहां युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पास में एक कंकाल भी मिला। मृतक की पहचान सुखराम (20) पिता रमेश गणावा, निवासी ग्राम सेमलखेड़ी के रूप में हुई है।
शव के पास मिले कंकाल और लड़की के कपड़े
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को रावटी थाने में एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। उसके परिजनों ने युवक पर लड़की को अपने साथ ले जाने का शक जताया था।
अब युवक का शव मिलने के साथ ही पास में कंकाल और लड़की के कपड़े मिलने के बाद पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मिला कंकाल उसी लापता लड़की का है। कंकाल की पहचान जांच और डीएनए टेस्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज में परिजनों के बीच मारपीट

युवक का शव मिलने के बाद सोमवार को दोनों पक्षों के परिजन रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। पथराव में मृतक युवक के चाचा शंकर गणावा के सिर में चोट आई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
युवक के परिजनों ने लगाए आरोप
घायल शंकर ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में लड़की के परिजनों की ओर से उनके परिवार पर हमला किया गया। मृतक के पिता रमेश ने भी लड़की के परिजनों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
रमेश के अनुसार, युवक और लड़की के लापता होने के बाद समझौते के नाम पर उनके परिवार से 80 हजार रुपए लिए गए थे। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उनके परिवार पर दबाव बनाया जाता रहा।
मेडिकल कॉलेज में हुए विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र गडरिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में हुए हंगामे को देखते हुए गांव में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद की स्थिति न बने।
एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की है। पुलिस दोनों मामलों से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
युवक की मौत कैसे हुई, घटनास्थल पर मिला कंकाल किसका है और दोनों मामलों के बीच क्या संबंध है, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
