
रतलाम। बाजना थाना क्षेत्र के कदवाली गांव में सोमवार सुबह झाड़ियों के बीच एक युवक का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कंकाल की पहचान कदवाली निवासी मुकेश (28) पिता माना डामर के रूप में हुई है। परिजनों ने कपड़ों और हाथ में पहने चांदी के कड़े के आधार पर उसकी पहचान की।
मुकेश करीब 20 दिनों से घर से लापता था। पुलिस ने मौके से झाड़ियों में कपड़े का फंदा भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में युवक द्वारा फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
झाड़ियों में मिला कंकाल
सोमवार सुबह करीब 11 बजे कदवाली गांव के कुछ ग्रामीण खेतों की ओर पशु चराने गए थे। इसी दौरान उन्हें झाड़ियों की तरफ से दुर्गंध महसूस हुई। तलाश करने पर नाले के पास झाड़ियों में कंकाल पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव के लोगों और पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की और ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई।
मौके पर मिला फांसी का फंदा

पुलिस की जांच के दौरान उस स्थान के आसपास झाड़ियों में कपड़े का फंदा लटका हुआ मिला, जबकि कंकाल जमीन पर पड़ा था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर संभावना है कि युवक ने फांसी लगाई होगी और कुछ समय बाद शव नीचे गिर गया होगा।
करीब 20 दिन तक शव खुले और सुनसान क्षेत्र में पड़े रहने के कारण शरीर पूरी तरह गल चुका था और अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल गया था। पुलिस ने यह भी संभावना जताई कि जंगली जानवरों के कारण शव की स्थिति और खराब हुई हो सकती है।
कपड़ों और चांदी के कड़े से हुई पहचान
कंकाल मिलने की सूचना के बाद कदवाली गांव के राकेश डामोर सहित मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। कंकाल के हाथ में मौजूद चांदी के कड़े और पहने हुए कपड़ों को देखकर परिजनों ने उसकी पहचान मुकेश पिता माना डामर के रूप में की।
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर कंकाल मिला है, वह मुख्य सड़क से काफी अंदर है। मृतक का खेत भी घटनास्थल के पास बताया गया है, जबकि कुछ दूरी पर उसके भाई का खेत है।
मेडिकल कॉलेज में कराया गया पोस्टमार्टम
पुलिस ने कंकाल को खेतों के रास्ते बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के बाद इसे रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। करीब 4 बजे कंकाल को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
20 दिन से लापता था मुकेश
मुकेश शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, वह करीब 20 दिनों से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।
बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया के मुताबिक, मौके से मिले फंदे और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल फांसी लगाने की आशंका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
