
रतलाम। खुद को नारकोटिक्स विभाग की TI बताकर लोगों को पुलिस कार्रवाई और मामलों में सेटलमेंट कराने का भरोसा देने वाली सपना ठाकुर के खिलाफ ठगी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि सपना ने प्रॉपर्टी ब्रोकर रुपेश चरपोट से करीब 4.75 करोड़ रुपए की रकम और संपत्ति हासिल की। इसके अलावा रुपेश के जीजा कमल मल्हार से मुंबई के एक मामले में मदद कराने के नाम पर 15.45 लाख रुपए लिए गए।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद सपना ठाकुर को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
फर्जी TI बनकर लोगों को पुलिस कार्रवाई का भरोसा
आरोपों के अनुसार, सपना ठाकुर खुद को नारकोटिक्स विभाग की TI बताकर लोगों से संपर्क करती थी। वह पुलिस अधिकारियों से पहचान होने और प्रभाव का दावा करते हुए विवादों तथा मामलों का निपटारा कराने का भरोसा देती थी।
प्रॉपर्टी ब्रोकर रुपेश चरपोट के मामले में भी उसने कथित तौर पर यही तरीका अपनाया। रुपेश ने दिसंबर 2025 में रतलाम के हुंडी दलाल विजय लोढ़ा के खिलाफ रकम की धोखाधड़ी की शिकायत की थी। आरोप है कि विजय लोढ़ा रुपेश के लाखों रुपए लेकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसी रकम को वापस दिलाने का भरोसा देकर सपना ने रुपेश से संपर्क किया।
मकान और फ्लैट की कुर्की का भरोसा देकर रकम ली
सपना ने कथित तौर पर रुपेश को भरोसा दिलाया कि विजय लोढ़ा के मकान और फ्लैट की कार्रवाई कराकर उसकी रकम वापस दिलाई जा सकती है। उसने संपत्तियों पर बैंक लोन होने की बात कही और दावा किया कि लोन क्लियर कराने के बाद हाईकोर्ट के जरिए संपत्ति रुपेश के नाम कराई जा सकती है।
रुपेश के अनुसार, इसी भरोसे में उसने अलग-अलग समय पर सपना को रकम देना शुरू किया। शिकायत के मुताबिक, शुरुआत में मकान-फ्लैट की कार्रवाई और अन्य कानूनी काम कराने के नाम पर करीब 70 लाख रुपए नकद लिए गए।
बाद में आरोप है कि सपना ने रुपेश से करीब 3.45 करोड़ रुपए नकद लिए और तेजा नगर स्थित करीब 1.30 करोड़ रुपए कीमत का मकान भी अपने कब्जे में ले लिया। शिकायत के अनुसार, मकान की रजिस्ट्री भी उसके नाम कराई गई।
इस तरह कुल रकम और संपत्ति का मूल्य करीब 4.75 करोड़ रुपए बताया गया है।
जीजा को मुंबई केस में मदद का भरोसा
रुपेश चरपोट के संपर्क में रहने के दौरान सपना से उसके जीजा कमल मल्हार की भी मुलाकात हुई। कमल का कारोबार रतलाम के साथ मुंबई में भी है। उनका आरोप है कि 2024 में उन्होंने एक महिला को सामान लाने-ले जाने के काम के लिए रखा था।
कमल के मुताबिक, उन्होंने एक पारिवारिक कार्यक्रम के लिए करीब 30 लाख रुपए उक्त महिला के माध्यम से भेजे थे। आरोप है कि महिला ने रकम में से 22.50 लाख रुपए निकाल लिए और 7.50 लाख रुपए अपने भाई को दे दिए।
रकम के बारे में पूछने पर महिला ने पुलिसकर्मियों द्वारा रुपए लिए जाने की बात कही। इसके बाद कमल ने मुंबई GRP में शिकायत की।
CM हाउस में पहचान होने का भी दावा
आरोप है कि सपना ठाकुर ने कमल को भरोसा दिलाया कि मुंबई CM हाउस में उसके परिचित हैं और वहां उसकी पहचान के जरिए मामले को सुलझाया जा सकता है। उसने गुजरात के वापी में भी शिकायत करने और वहां अपने संपर्कों से मदद कराने की बात कही।
इसके बाद सपना ने कथित तौर पर मुंबई के इमरान नाम के व्यक्ति से फोन पर बातचीत की। सामने आई ऑडियो रिकॉर्डिंग में वह कमल के मामले की जानकारी देते हुए रकम रिकवरी और पुलिस कार्रवाई की बात करती सुनाई देती है।
आरोप है कि इसी मामले में पुलिस और वकील को देने सहित अन्य काम कराने के नाम पर कमल से कुल 15 लाख 45 हजार रुपए लिए गए। हालांकि, कमल के अनुसार बाद में न तो रकम वापस हुई और न ही मामले में अपेक्षित कार्रवाई हुई।
ऑडियो रिकॉर्डिंग में सेटलमेंट की बातचीत का दावा
मामले से जुड़ी तीन ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने की बात कही गई है। इनमें सपना कथित तौर पर कमल को आश्वस्त करती सुनाई देती है कि वह पुलिस अधिकारियों से बात कर मामले का सेटलमेंट करा सकती है।
एक बातचीत में पुलिस कार्रवाई, आरोपी को पकड़वाने और रकम की रिकवरी जैसी बातें किए जाने का दावा है। सपना कथित तौर पर कमल से रकम तैयार रखने की बात भी कहती सुनाई देती है।
इन ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता और उनमें मौजूद आवाज की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रुपए वापस मांगने पर पहचानने से इनकार करने का आरोप
कमल मल्हार का कहना है कि जब उन्होंने सपना से अपनी रकम वापस मांगी तो उसने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। कमल के अनुसार, उन्होंने कई बार फोन कर संपर्क करने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि 24 सितंबर को फोन करने पर इंदौर के एक युवक ने कॉल रिसीव किया और अपना नाम आशु शक्तावत बताया। दो दिन बाद दोबारा फोन करने पर सपना ने कथित तौर पर बात की और अनजान बनकर बातचीत की।
कमल ने अपने ऊपर लगाए गए धमकी के आरोपों को भी गलत बताया है। उनका कहना है कि यदि उनके खिलाफ धमकी देने की कोई रिकॉर्डिंग या अन्य सबूत हैं तो उन्हें पुलिस या एसपी के सामने पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने मामले की जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है।
कोर्ट में सपना ने भी लगाए थे धमकी के आरोप
कोर्ट में पेशी के दौरान सपना ठाकुर ने कमल मल्हार पर मकान खाली कराने के नाम पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। कमल ने इन आरोपों को खारिज किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले में शिकायत, पैसों के लेन-देन, संपत्ति के दस्तावेज, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
FAQ
1. रतलाम में फर्जी TI मामले में किस पर आरोप है?
सपना ठाकुर पर खुद को नारकोटिक्स विभाग की TI बताकर लोगों से रकम लेने और ठगी करने के आरोप हैं।
2. प्रॉपर्टी ब्रोकर से कितनी रकम की ठगी का आरोप है?
शिकायत के अनुसार, रुपेश चरपोट से करीब 4.75 करोड़ रुपए की रकम और संपत्ति हासिल करने का आरोप है।
3. कमल मल्हार से कितने रुपए लिए गए?
मुंबई के मामले में मदद और सेटलमेंट कराने के नाम पर 15.45 लाख रुपए लेने का आरोप है।
4. क्या सपना ठाकुर गिरफ्तार हो चुकी है?
हां, पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार किया था और कोर्ट में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
