
रतलाम। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता देवीबाई (36) की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पुलिस अधिकारियों और FSL टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतका के परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए उनके नाम पुलिस को बताए हैं। इसके आधार पर पुलिस मृतका के रिश्ते के देवर गुड्डू डामोर और काका ससुर दद्दाजी डामोर से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
घर के आंगन में मिला था महिला का शव

शुक्रवार सुबह देवीबाई पति स्वर्गीय रायसिंह डामोर का शव उनके घर के आंगन में जमीन पर पड़ा मिला था। बताया गया कि महिला रोजाना खाट पर सोती थी। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच से घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
देवर और काका ससुर से पुलिस की पूछताछ


पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका और उसके रिश्ते के देवर गुड्डू डामोर की बेटियां सैलाना में पढ़ती हैं। करीब दो दिन पहले दोनों अपनी बेटियों से मिलने सैलाना गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद होने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस ने इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को गुड्डू डामोर से पूछताछ की थी। शनिवार को उसके पिता दद्दाजी डामोर से भी पूछताछ की गई। पुलिस दोनों से मिली जानकारी का घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों से मिलान कर रही है।
SP अमित कुमार ने FSL टीम के साथ किया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के साथ ASP विवेक कुमार, ट्रेनी IPS वैभव प्रिय, महिला सेल DSP अजय सारवान, FSL अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने घटनास्थल से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में संदिग्धों से पूछताछ के साथ अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
जल्द हो सकता है हत्या का खुलासा
SP अमित कुमार ने कहा कि महिला की मौत के मामले में पुलिस की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। उन्होंने मामले का जल्द खुलासा किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम, FSL रिपोर्ट और पूछताछ से सामने आ रही जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
