
भोपाल। फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर दर्शकों के बीच पहुंच बनाने के लिए फिल्म की टीम आज भोपाल पहुंचेगी। टीम शहर में दर्शकों से मुलाकात कर फिल्म और उसके किरदारों को लेकर बातचीत करेगी। शाम को अवधपुरी स्थित रीगल सिनेमा में कलाकार ऑडियंस के साथ सीधा संवाद करेंगे।
फिल्म की टीम में पार्वती माई, गोपाल बहेलिया और चांद चोर की भूमिका निभाने वाले कलाकार शामिल रहेंगे। दर्शकों को फिल्म के कलाकारों से सीधे बातचीत करने और उनके अनुभव जानने का मौका मिलेगा।
रविवार को भी अलग-अलग जगह पहुंचेगी टीम
भोपाल में फिल्म की टीम का कार्यक्रम रविवार को भी जारी रहेगा। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे टीम बंसल प्लाजा मल्टीप्लेक्स पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे डीबी मॉल में दर्शकों से मुलाकात की जाएगी।
इस दौरान श्री हनुमान भक्त मंडल के सदस्य भी टीम के साथ मौजूद रहेंगे। मंडल के संयोजक प्रशांत सिंह राजपूत, गोपाल तोमर, पृथ्वीसिंह चौहान और सुरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि फिल्म की टीम के साथ दर्शकों से संवाद का कार्यक्रम रखा गया है।
फिल्म के कलाकारों का मध्य प्रदेश से जुड़ाव
‘हनुमान अंश’ फिल्म से जुड़े कई कलाकार और संगीत से जुड़े लोग मध्य प्रदेश से संबंध रखते हैं। फिल्म में गोपाल बहेलिया का किरदार निभाने वाले भगवानदास पटेल जबलपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने थिएटर से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की और इसके बाद टीवी तथा फिल्मों में काम किया।
अभिनेता भगवानदास पटेल ने थिएटर में करीब छह साल काम करने के बाद मनोरंजन की दुनिया में आगे कदम बढ़ाया। वे ‘मुझसे फ्रेंडशिप करोगे’, ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘थार’, ‘रंगबाज’ और ‘फोटोग्राफ’ जैसी फिल्मों व सीरीज का हिस्सा रह चुके हैं।
सागर के दिव्यांग गायक ने गाया बुंदेली भजन

फिल्म में मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। सागर जिले के दिव्यांग गायक सुनील लोधी ने फिल्म के लिए बुंदेली भजन गाया है। उनकी प्रतिभा की जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंची थी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी को मुख्यमंत्री निवास बुलाकर मुलाकात की थी। इस दौरान उन्हें एक लाख रुपए की सम्मान निधि से सम्मानित किया गया था। साथ ही उनकी आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए उपचार में मदद का आश्वासन भी दिया गया था।
8 वर्षीय बाल कलाकार ने भी की मुख्यमंत्री से मुलाकात
फिल्म के 8 वर्षीय बाल कलाकार मास्टर सात्विक शर्मा ने भी मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की थी। फिल्म से जुड़े कलाकारों और गायकों का मध्य प्रदेश से जुड़ाव इसे स्थानीय दर्शकों के लिए भी खास बनाता है।
ग्वालियर से भी जुड़ा है फिल्म का संगीत
फिल्म से जुड़े संगीतकारों में साधु तिवारी का भी नाम है, जो ग्वालियर के रहने वाले हैं। इस तरह फिल्म के अभिनय और संगीत से जुड़े कई लोगों का संबंध मध्य प्रदेश से है।
भोपाल में दर्शकों से सीधा संवाद
फिल्म की टीम के भोपाल पहुंचने का उद्देश्य दर्शकों के साथ सीधे जुड़ना और फिल्म को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जानना भी है। कलाकार अलग-अलग सिनेमाघरों में पहुंचकर ऑडियंस के साथ बातचीत करेंगे और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
