
रतलाम। शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले हुई लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जांच के दौरान राजस्थान के अजमेर जिले से एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी के अंतर्राज्यीय चोर गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर जिले में पुराने और लंबित चोरी के मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में डीडी नगर पुलिस ने इस मामले की जांच को आगे बढ़ाया।
घर सूना छोड़कर गए, लौटे तो गायब थे जेवर
मामला सितंबर 2024 का है। कलीमी कॉलोनी निवासी फरियादी 17 सितंबर की रात अपनी पत्नी के साथ कम्युनिटी हॉल में खाना खाने गए थे। घर से निकलते समय दरवाजा बंद किया गया था। रात करीब 9:45 बजे जब दोनों वापस लौटे तो घर की अलमारी में रखे सोने के आभूषण गायब मिले।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 690/2024 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई थी। लंबे समय से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से मिली अहम कड़ी
पुराने मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े फोटो और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की दोबारा जांच की। इसके साथ ही तकनीकी इनपुट जुटाए गए और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद उसकी पहचान कालू पिता रतनलाल बागड़ियां (22), निवासी ग्राम छपनेर, जिला अजमेर, राजस्थान के रूप में हुई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई वारदातों की जानकारी मिलने की उम्मीद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। इससे पुलिस को एक अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
आरोपी से उसके साथियों, उनके ठिकानों और चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए अलग टीमों को संभावित स्थानों पर भेजा है। रतलाम के अलावा दूसरे इलाकों में हुई चोरी की घटनाओं से भी आरोपी के संबंधों की जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे में उप निरीक्षक अनुराग यादव, उप निरीक्षक आरके चौहान, एएसआई बसिल गणावा, आरक्षक राजूलाल गरवाल, आरक्षक पवन जाट और साइबर सेल के आरक्षक तुषार सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुराने मामलों को सुलझाने पर पुलिस का जोर
रतलाम पुलिस ने जिले में लंबित चोरी के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की कार्रवाई तेज की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को पुराने मामलों की समीक्षा कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीडी नगर पुलिस के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में थाना क्षेत्र के चोरी के दो पुराने मामलों का खुलासा किया जा चुका है। पुलिस अब अन्य लंबित मामलों में भी उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
