
इंदौर के सूर्यदेव नगर इलाके में शुक्रवार शाम एक महिला का शव उसके घर के वॉशरूम से बरामद किया गया। मृतका की पहचान अनुराधा एकतारे (38) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शव करीब चार दिन पुराना होने का अनुमान है और वह डीकंपोज अवस्था में मिला।
जानकारी के मुताबिक, घर से लगातार तेज बदबू आने पर आसपास रहने वाले लोगों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी अनुराधा के रिश्तेदारों को दी। सूचना मिलने के बाद रिश्तेदारों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का ताला खोलकर वॉशरूम की जांच की, जहां महिला का शव मिला।
मां की मौत के बाद घर में अकेली रह रही थी महिला
रिश्तेदारों के मुताबिक, अनुराधा की मां रंजना का पिछले साल निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने घर में अकेली रह रही थी। बताया गया कि अनुराधा अपनी निजी जिंदगी में ज्यादा हस्तक्षेप पसंद नहीं करती थी और अकेले रहना चाहती थी। इसी वजह से रिश्तेदारों का उसके घर आना-जाना भी सीमित हो गया था। हालांकि, कुछ लोगों का उसके घर पर आना-जाना बताया गया है।
बदबू आने के बाद सामने आया मामला
शुक्रवार को पड़ोसियों को अनुराधा के घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। रिश्तेदारों के पुलिस को सूचना देने के बाद टीम मौके पर पहुंची। वॉशरूम से शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल रिश्तेदारों की ओर से किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया गया है। पुलिस हादसे सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अब महिला के संपर्क में रहने वाले और उसके घर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद मौत के समय और कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
