
रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डोसी गांव के पास गौरव पैलेस कॉलोनी में गुरुवार को 16 वर्षीय छात्रा का शव घर की पहली मंजिल पर फंदे से लटका मिला। छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
छोटे भाई ने सबसे पहले देखा
परिजनों के अनुसार, छात्रा गुरुवार सुबह स्कूल नहीं गई थी। दोपहर में उसका छोटा भाई स्कूल से घर लौटा और पहली मंजिल पर गया। वहां उसने अपनी बहन को दुपट्टे के फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना के समय माता-पिता थे काम पर
परिवार के मुताबिक, छात्रा की मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, जबकि पिता एक निजी फैक्ट्री में इलेक्ट्रीशियन हैं। घटना के समय दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे।
मकान के ग्राउंड फ्लोर पर दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं, जबकि छात्रा का परिवार ऊपरी मंजिल पर रहता था। परिजन दोपहर में घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली।
एंबुलेंस नहीं आने का परिजनों ने लगाया आरोप

परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2:10 बजे डायल-112 को सूचना दी गई। करीब 10 से 15 मिनट में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को जानकारी दी गई।
परिवार का आरोप है कि थाना पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हुई।
डायल-112 के वाहन से अस्पताल पहुंचाया शव
एंबुलेंस नहीं मिलने के बाद डायल-112 के जवानों ने शव को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों ने भी घटना के कारणों की जांच की मांग की है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
