
रतलाम: शासकीय डॉ. कैलाश नाथ काटजू महाविद्यालय (लॉ कॉलेज) में गणेशोत्सव के दौरान गरबा आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को एक बार फिर सामने आ गया। हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर पहुंचे, जिसके बाद कॉलेज के कुछ छात्र भी वहां आ गए। दोनों पक्षों के बीच बहस और नारेबाजी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और कॉलेज के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया।
हंगामे के दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारी राजेश कटारिया ने छात्रों से कहा, “ज्यादा नचवाने का शौक है तो अपनी बहन-बेटियों को लेकर आओ।” बाद में कटारिया ने कहा कि उनकी बात का संदर्भ धार्मिक आयोजन में कपल गरबा को लेकर था।
प्रिंसिपल के घेराव का किया गया था आह्वान
लॉ कॉलेज में गणेश प्रतिमा स्थापित कर 10 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। सोमवार को कुछ हिंदू संगठनों के पदाधिकारी कॉलेज पहुंचे थे। इस दौरान कॉलेज में कपल गरबा आयोजित किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध किया गया था और विवाद की स्थिति बनी थी।
इसके अगले दिन कॉलेज के छात्रों ने स्टाफ के साथ कलेक्टर और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा था। छात्रों ने ज्ञापन में कॉलेज परिसर में हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। छात्रों का आरोप था कि प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं और प्रिंसिपल के साथ अभद्रता की गई।
बुधवार को हिंदू जागरण मंच रतलाम के बैनर तले प्रिंसिपल के घेराव का आह्वान किया गया। इसके बाद राजेश कटारिया, सिद्धार्थ पंड्या और संस्कृति बचाव अभियान से जुड़े अभिषेक उपाध्याय सहित विभिन्न संगठनों के लोग कॉलेज पहुंचे।
राजेश कटारिया ने पुलिस के सामने दावा किया कि छात्रों की ओर से ज्ञापन दिए जाने के बाद एक ग्रुप में संदेश भेजा गया था कि “दम हो तो कल आकर कार्यक्रम रोक कर दिखाएं।” कटारिया के अनुसार इसी के बाद संगठन के लोग कॉलेज पहुंचे।

पुलिस ने कॉलेज का गेट बंद कराया
कॉलेज के बाहर भीड़ और विवाद बढ़ने पर पुलिस ने कॉलेज का गेट बंद करा दिया। सूचना मिलने के बाद स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी डीएसपी गायत्री सोनी, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
कॉलेज ट्रस्ट के सचिव डॉ. संजय वाते, प्रिंसिपल डॉ. अनुराधा तिवारी और कॉलेज का स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा। जब छात्र भी कॉलेज के बाहर आए तो पुलिस ने उन्हें वापस परिसर के अंदर भेज दिया।
आमने-सामने आए छात्र और संगठन के लोग
विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉलेज के छात्रों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जय श्री राम के नारे लगाए गए। इस दौरान बहस भी हुई और हिंदू संगठनों की ओर से प्रिंसिपल के खिलाफ नारे लगाए गए।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया। इसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े लोग कॉलेज परिसर के बाहर से चले गए।
संगठन ने अभद्रता के आरोप से किया इनकार
संस्कृति बचाओ अभियान के अभिषेक उपाध्याय ने कहा कि प्रदर्शन सकल हिंदू समाज की ओर से किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज में गणेशोत्सव के दौरान कपल गरबा कराया जा रहा था और संगठन की ओर से पहले ही कॉलेज तथा प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई थी।
उपाध्याय के अनुसार, दो दिन पहले संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे थे और बातचीत के बाद वापस लौट गए थे। उन्होंने कहा कि इसके बाद छात्रों ने संगठन के खिलाफ ज्ञापन देकर एफआईआर की मांग की। उपाध्याय ने संगठन की ओर से किसी के साथ अभद्रता किए जाने से इनकार किया।
राजेश कटारिया ने कहा कि धार्मिक आयोजन में कपल गरबा नहीं होना चाहिए। उनका कहना था कि यदि गरबा आयोजित किया जा रहा है तो परिवार के लोगों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए। छात्रों से कही गई टिप्पणी को लेकर उन्होंने इसी संदर्भ का हवाला दिया।
हिंदू जागरण मंच ने प्रदर्शन से दूरी बताई
हिंदू जागरण मंच रतलाम के संगठन मंत्री नीरज दुबे ने कहा कि बुधवार को हुआ घेराव सकल हिंदू समाज की ओर से किया गया था। उनके अनुसार इसमें हिंदू जागरण मंच की कोई भूमिका नहीं थी और अलग-अलग संगठनों तथा समाज के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी इसमें शामिल हुए थे।
प्रिंसिपल ने कहा- कॉलेज में कपल गरबा नहीं हुआ
लॉ कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अनुराधा तिवारी ने कपल गरबा आयोजित किए जाने के आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की ओर से 10 दिवसीय गणेशोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत छात्र-छात्राओं ने सामूहिक नृत्य किया था।
प्रिंसिपल के अनुसार कॉलेज में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, लेकिन कॉलेज की ओर से कपल गरबा का आयोजन नहीं किया गया।
विवाद के बाद कॉलेज परिसर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के दावों के बीच कॉलेज प्रशासन का कहना है कि आयोजित कार्यक्रम सामूहिक नृत्य था, जबकि हिंदू संगठनों ने इसे कपल गरबा बताते हुए आपत्ति जताई है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
