
रतलाम। रॉयल कॉलेज (रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज), रतलाम के बीएससी लाइफ साइंस विभाग द्वारा ‘आगाज़’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, व्यक्तित्व विकास, करियर निर्माण और रोजगार के अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता ट्रैफिक डीएसपी श्री आनंद स्वरूप सोनी, विशिष्ट अतिथि साईं श्री इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य डॉ. श्वेता विनचुरकर तथा विशेष अतिथि जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा उपस्थित रहे।

यातायात नियमों के पालन का दिलाया संकल्प
मुख्य वक्ता डीएसपी श्री आनंद स्वरूप सोनी ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के स्टाफ एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात की शपथ दिलाई। साथ ही यातायात नियमों पर आधारित प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
अनुशासन और सकारात्मक सोच से होगा व्यक्तित्व विकास
विशिष्ट अतिथि डॉ. श्वेता विनचुरकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्य और सकारात्मक सोच भी जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने, समय प्रबंधन करने और अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने के लिए प्रेरित किया।
कौशल विकास से मिलेंगे रोजगार के बेहतर अवसर
जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में करियर निर्माण और रोजगार की संभावनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के साथ तकनीकी और व्यावहारिक कौशल विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आज के समय में डिग्री के साथ आवश्यक कौशल और व्यावहारिक ज्ञान युवाओं के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान
लाइफ साइंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मिताली पुरोहित एवं प्रो. अलका उपाध्याय ने किया। अंत में कॉलेज प्रशासक श्री दिनेश राजपुरोहित ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
