रतलाम। जिले में शनिवार सुबह से लगातार हो रही बारिश ने मौसम को पूरी तरह सुहाना बना दिया है। पिछले 24 घंटे में रतलाम शहर में सबसे अधिक 31 मिमी (करीब डेढ़ इंच) बारिश दर्ज की गई। लगातार वर्षा से शहर का हनुमान ताल लबालब भर गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और उमस से राहत मिली है।

सुबह से जारी है बारिश का दौर
शनिवार सुबह करीब 4 बजे से तेज बारिश शुरू हुई, जो कुछ देर रुकने के बाद रिमझिम बारिश में बदल गई। लगातार हो रही वर्षा से शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। वहीं खेतों, कुओं और बोरवेल में भी पानी की आवक बढ़ने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।

पिछले साल से अब भी 9 इंच कम बारिश
1 जून से अब तक जिले में 346.75 मिमी (करीब 13 इंच) वर्षा दर्ज की गई है। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 564 मिमी (करीब 22 इंच) बारिश रिकॉर्ड हुई थी। यानी इस बार अब तक करीब 9 इंच कम वर्षा हुई है। हालांकि जुलाई महीने का सामान्य बारिश का लक्ष्य पूरा हो चुका है।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई
शनिवार सुबह 8 बजे तक दर्ज आंकड़ों के अनुसार—
- रतलाम शहर – 31 मिमी
- सैलाना – 14 मिमी
- बाजना – 13 मिमी
- जावरा – 10 मिमी
- रावटी – 8 मिमी
- ताल – 7 मिमी
- पिपलौदा – 7 मिमी
जिले की सामान्य वार्षिक वर्षा 918.3 मिमी निर्धारित है।
हनुमान ताल बना आकर्षण का केंद्र
लगातार हो रही बारिश से शहर का प्रसिद्ध हनुमान ताल पूरी तरह भर गया है। तालाब का जलस्तर बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचकर प्राकृतिक नजारे का आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
