
रतलाम न्यूज़ | 17 अक्टूबर 2026
रतलाम के करमदी स्थित नमकीन क्लस्टर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उत्पादों की पैकेजिंग, जरूरी जानकारी के अभाव और साफ-सफाई से जुड़ी कमियां सामने आईं। एक फर्म में नमकीन के पैकेटों पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख सहित आवश्यक विवरण दर्ज नहीं मिले, जबकि दूसरी इकाई में खाद्य सामग्री तैयार करने के दौरान स्वच्छता और पॉम ऑयल के रखरखाव को लेकर सवाल उठे। विभाग ने दोनों फर्मों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
लविश फूड्स में पैकेटों पर जरूरी जानकारी नहीं मिली
निरीक्षण की शुरुआत लविश फूड्स से हुई। यहां टीम को ‘जादूगर के नमकीन’ और ‘टू मच फ्रायम्स’ नाम से पैक किए गए उत्पाद मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इन पैकेटों पर निर्माण की तारीख, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता और खाद्य उत्पाद से संबंधित अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज नहीं थीं। लेबल पर केवल ‘गुजरात इंडिया’ लिखा हुआ मिला।
खाद्य उत्पादों पर आवश्यक विवरण नहीं होने के चलते अधिकारियों ने संबंधित पैकेटों से नमूने लिए और उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया। मामले में पैकेजिंग और लेबलिंग संबंधी नियमों के संभावित उल्लंघन की जांच की जा रही है।
बालाजी फूड्स में स्वच्छता और तेल के रखरखाव पर सवाल
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बालाजी फूड्स प्रोडक्ट्स पहुंची। यहां निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति को लेकर कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने बताया कि इकाई में पॉम ऑयल का इस्तेमाल कर आलू के चिप्स और अन्य फरियाली खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। तेल के रखरखाव की स्थिति पर भी टीम ने आपत्ति जताई।
जांच के दौरान विभाग ने तेल, साबूदाना, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित फर्म को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता ने बताया कि लविश फूड्स में दूसरे ब्रांड के नाम से उत्पादों की पैकिंग किए जाने और पैकेटों पर जरूरी विवरण नहीं मिलने की स्थिति सामने आई। वहीं, बालाजी फूड्स प्रोडक्ट्स में पॉम ऑयल के रखरखाव को लेकर आपत्तियां मिलीं।
अधिकारी के मुताबिक, दोनों इकाइयों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। संबंधित फर्मों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और खाद्य सुरक्षा विभाग की अगली कार्रवाई से स्पष्ट होगा कि निरीक्षण के दौरान लिए गए नमूनों में खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी क्या स्थिति सामने आती है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
