
रतलाम। शहर में फास्ट फूड व्यवसायी के साथ डायमंड के कारोबार में निवेश कर रकम डबल करने का लालच देकर करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने पहले विश्वास जीता और बाद में अलग-अलग खातों से रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। रकम वापस नहीं मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्त के जरिए हुई थी पहचान
औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के व्यवसायी महेंद्रसिंह (30) ने पुलिस को शिकायत दी है। उनके अनुसार एक दोस्त के जरिए उनकी मुलाकात बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी रवींद्रसिंह टांक (33) से इंदौर में हुई थी।
महेंद्रसिंह के मुताबिक रवींद्रसिंह ने खुद को डायमंड कारोबार से जुड़ा बताया और कहा कि इस बिजनेस में रुपए निवेश करने पर रकम डबल हो सकती है। इसी भरोसे में आकर उन्होंने निवेश करना शुरू किया।
पहले 7 लाख रुपए ऑनलाइन किए ट्रांसफर
शिकायत के अनुसार 13 फरवरी 2025 को महेंद्रसिंह ने अपनी मां के मोबाइल से रवींद्रसिंह के मोबाइल पर 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद बड़े भाई और भाभी के जरिए भी एयरटेल पेमेंट बैंक से ऑनलाइन भुगतान किया गया। इस तरह करीब 7 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए।
आरोप है कि शुरुआत में करीब 3 लाख रुपए वापस कर दिए गए, जिससे व्यवसायी और उसके परिवार का भरोसा बढ़ गया।
अलग-अलग खातों से करीब 20 लाख देने का आरोप
महेंद्रसिंह का आरोप है कि 13 फरवरी से 21 मार्च 2025 के बीच उन्होंने अपने और परिजनों के खातों से करीब 20 लाख रुपए आरोपी के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
इसके बाद जब रकम ज्यादा हो गई तो कथित तौर पर रुपए लौटाना बंद कर दिया गया। व्यवसायी के मुताबिक उनसे कहा गया कि कारोबार में घाटा हो गया है और कुछ समय बाद रकम वापस कर दी जाएगी।
एफडी तोड़कर भी दिए रुपए
शिकायतकर्ता के अनुसार पिता के रिटायरमेंट के बाद मिली रकम में से भी पैसे दिए गए। इसके लिए एफडी तोड़कर रकम उपलब्ध कराने की बात शिकायत में कही गई है। आरोप है कि पिछले साल जून से अब तक रुपए लौटाने के केवल आश्वासन दिए जाते रहे।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी के अनुसार डायमंड कारोबार में निवेश कर दोगुनी रकम देने के नाम पर करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
