
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के मावता में भाजपा नेता और किराना व्यवसायी कपिल जायसवाल की मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह उनकी किराना दुकान में उनका शव मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दुकान में मिला शव
कपिल जायसवाल मावता में अपने घर के पास किराये की दुकान में किराना कारोबार चलाते थे। मंगलवार सुबह दुकान के अंदर उनका शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा सरकारी अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मौके से मिला सुसाइड नोट
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक नोट भी बरामद हुआ है। इसमें मृतक ने मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। पुलिस ने नोट को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, अभी मौत के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आई है। पुलिस परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटा रही है।
मावता पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश राठौर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष थे कपिल जायसवाल
कपिल जायसवाल भाजपा के सुखेड़ा मंडल में उपाध्यक्ष के पद पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
