
रतलाम: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना में दराते बेचने पहुंचे एक लोहार के साथ लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने अधिक संख्या में दराते खरीदने का लालच देकर उसे सुनसान स्थान पर बुलाया और उसके कानों में पहनी सोने की बालियां और हाथ की चांदी की अंगूठियां निकालकर फरार हो गए। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
दराते खरीदने का लालच देकर बुलाया
पुलिस के अनुसार, पिपलौदा के झालानगर निवासी विष्णु पिता दिनेश गाडोलिया अपनी मां मोहनबाई के साथ रविवार सुबह करीब 9 बजे दराते बेचने सैलाना पहुंचा था। दोपहर करीब 12:30 बजे वह बस स्टैंड पर दराते बेच रहा था।
इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और दराते खरीदने की बात कही। विष्णु ने एक दराते की कीमत 120 रुपए बताई। युवकों ने कथित तौर पर बताया कि उनके कुछ साथी बोदिना फंटे पर मौजूद हैं और उन्हें करीब 15 से 20 दरातों की जरूरत है। बातचीत के बाद प्रति दराता 110 रुपए में सौदा तय होने की बात सामने आई।
इसके बाद विष्णु चार दराते लेकर दोनों युवकों के साथ बोदिना फंटे की ओर रवाना हो गया।
हरियाली ढाबे के पास ले जाकर लूट का आरोप
शिकायत के अनुसार, दोनों युवक विष्णु को हरियाली ढाबे के पास ले गए। वहां उन्होंने अपने अन्य साथियों और वाहन के आसपास होने की बात कही। दोपहर करीब 1:30 बजे वहां पहुंचने के बाद एक युवक ने कथित तौर पर पीछे से विष्णु के दोनों हाथ पकड़ लिए।
आरोप है कि इसी दौरान दूसरे युवक ने उसके कानों में पहनी दोनों सोने की बालियां और हाथ की चांदी की अंगूठियां निकाल लीं। इसके बाद बदमाश कथित तौर पर उसे डराकर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद मां को दी जानकारी
घटना से घबराया विष्णु वापस बस स्टैंड पहुंचा और अपनी मां को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद परिवार को सूचना देने के बाद वह सैलाना थाने पहुंचा और पुलिस को घटना के बारे में बताया।
CCTV फुटेज में संदिग्ध दिखाई दिया
मामले की जानकारी मिलने के बाद रतलाम एसपी अमित कुमार सोमवार दोपहर सैलाना पहुंचे। उनके साथ थाना प्रभारी पिंकी आकाश भी मौजूद थीं। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने बायपास स्थित एक नमकीन दुकान पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। इसके अलावा बस स्टैंड क्षेत्र में दुकानदारों द्वारा लगाए गए CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची गई।
दो से तीन लोगों की भूमिका की जांच
एसपी अमित कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना में दो से तीन लोगों की भूमिका सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
