
मंदसौर जिले के दलोदा थाना पुलिस ने गुरुवार को मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में 35 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक और 1.5 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 4.03 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उससे मादक पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
कच्चे रास्ते से जा रहा था आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक से स्मैक और डोडाचूरा लेकर भावगढ़-दलोदा रोड पर ग्राम एलची के कच्चे रास्ते से गुजरने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिली स्मैक और डोडाचूरा

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम आरिफ पिता इशाक अजमेरी (35) बताया। वह ग्राम बादाखेड़ी, थाना नई आबादी, मंदसौर का निवासी है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के पास से 40 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा 1.5 किलो डोडाचूरा भी मिला, जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपए बताई गई है।
बाइक और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 70 हजार रुपए कीमत की हीरो स्प्लेंडर बाइक और करीब 15 हजार रुपए कीमत का ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ
थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी के मुताबिक, आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि स्मैक और डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
