
रतलाम। रतलाम के नागरवास निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी मनोज गादिया (50) की संदिग्ध जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। घटना सैलाना के बायपास मार्ग स्थित हरियाली ढाबे की है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 5 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना शनिवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घरवालों को फोन कर दी थी जानकारी
सैलाना थाना पुलिस के मुताबिक, मनोज पिता समीरमल गादिया शनिवार रात रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने परिजनों को फोन कर तबीयत खराब होने और ढाबे पर होने की जानकारी दी।
परिजनों ने मामले की सूचना तत्काल सैलाना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके के ढाबों पर तलाश शुरू की। करीब 11 बजे मनोज हरियाली ढाबे पर मिले।
पुलिस ने उन्हें डायल 112 की मदद से सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना के बाद सैलाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिजनों के मुताबिक, मनोज गादिया ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के अनुसार, मामले में मर्ग कायम किया गया है और जांच जारी है। मृतक के परिवार में एक बेटा प्रहर्ष और एक छोटी बहन है।
25 दिन पहले सराफा व्यापारी की भी हुई थी मौत
रतलाम में करीब 25 दिन पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था। 11 अगस्त की रात सराफा व्यापारी और चांदनी चौक स्थित महावीर ज्वैलर्स के संचालक रवि मोठिया (46) की भी जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई थी।
रवि मोठिया ने शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर एक होटल में कमरा बुक किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
अब करीब 25 दिन बाद रतलाम के एक अन्य प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत से शहर में इस घटना की चर्चा है। हालांकि दोनों मामलों के बीच किसी संबंध की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
पुलिस जांच में सामने आएगा मौत का कारण
फिलहाल सैलाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मनोज गादिया की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
