
रतलाम। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत कई मांगों को लेकर शुक्रवार, 11 सितंबर को मध्य प्रदेश में बैंक कर्मचारी एक दिन की हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर होने वाली इस हड़ताल में प्रदेशभर के करीब 40 हजार बैंककर्मियों के शामिल होने की बात कही गई है।
हड़ताल का असर रतलाम में भी देखने को मिलेगा। जिले में 50 से ज्यादा बैंक शाखाओं के करीब 1,000 कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में शामिल होंगे। इसके चलते शुक्रवार को बैंकों में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा।
शुक्रवार की हड़ताल के बाद 12 सितंबर शनिवार और 13 सितंबर रविवार को अवकाश रहेगा। ऐसे में बैंकिंग सेवाएं लगातार तीन दिनों तक प्रभावित रहने के बाद सोमवार से सामान्य होने की उम्मीद है।
रतलाम में SBI की मुख्य शाखा पर जुटेंगे कर्मचारी
रतलाम में बैंक कर्मचारी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे SBI की मुख्य शाखा, मित्र निवास रोड पर एकत्र होंगे। यहां कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी और प्रदर्शन करेंगे।
बैंक यूनियन के अनुसार लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा PLI योजना में भेदभाव और अन्य लंबित मुद्दों का समाधान करने की भी मांग है।
क्या है 5-डे बैंकिंग की मांग?
फिलहाल बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। बैंक यूनियनों की मांग है कि हर शनिवार बैंक बंद रखे जाएं और सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाए।
यूनियनों के प्रस्ताव के अनुसार शनिवार की छुट्टी की भरपाई के लिए सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना कामकाज का समय करीब 40 मिनट बढ़ाया जा सकता है।
सिर्फ 5-डे वर्किंग ही नहीं, ये मांगें भी
बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के साथ कई अन्य मुद्दे भी उठाए हैं। इनमें PLI योजना, पेंशन अपडेट, पेंशनभोगियों के एक्स-ग्रेशिया की समीक्षा, NPS को OPS में बदलना और समान DA व्यवस्था जैसी मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा बैंकों में पर्याप्त संख्या में क्लर्क, सब-स्टाफ और आर्म्ड गार्ड्स की भर्ती तथा ग्रेच्युटी से संबंधित मांगों के समाधान की भी बात कही गई है।
ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा। कैश जमा-निकासी, चेक जमा करने और चेक क्लियरेंस जैसे कामों में परेशानी या देरी हो सकती है।
हालांकि ATM, UPI और मोबाइल/इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रह सकती हैं, लेकिन किसी विशेष सेवा की उपलब्धता संबंधित बैंक पर निर्भर करेगी।
सितंबर में फिर लंबी हड़ताल की चेतावनी
बैंक यूनियनों ने मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन आगे बढ़ाने की चेतावनी दी है। इसके तहत 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल प्रस्तावित है।
इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार का अवकाश होने के कारण बैंकिंग सेवाओं पर लगातार पांच दिनों तक असर पड़ सकता है।
यूनियनों का कहना है कि सरकार के साथ बातचीत के बावजूद उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी वजह से शुक्रवार की एक दिवसीय हड़ताल का फैसला लिया गया है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
