
रतलाम। माणकचौक इलाके में एक युवती से छेड़छाड़ और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया कि कुछ युवक पिछले कई दिनों से उसका पीछा कर परेशान कर रहे थे। बुधवार को जब युवकों ने फिर उसका पीछा किया तो उसने उनका वीडियो बना लिया। यही वीडियो पुलिस की जांच में अहम सुराग बना और पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को माणकचौक क्षेत्र में पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कई महीनों से दुकान के आसपास घूमने का आरोप
युवती माणकचौक क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान पर काम करती है। उसकी शिकायत के मुताबिक, पिछले तीन से चार महीनों से कुछ युवक दुकान के आसपास आते-जाते थे। युवती का आरोप है कि ये युवक उसका पीछा करने के साथ ही आपत्तिजनक और भद्दी टिप्पणियां करते थे।
लगातार हो रही इस परेशानी के बावजूद युवती ने डर के कारण शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। बुधवार को हुई घटना के बाद उसने परिवार को बताया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रास्ते में युवकों ने स्कूटी से किया पीछा
युवती ने पुलिस को बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे वह माणकचौक इलाके में पैदल जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवक स्कूटी से उसके पीछे आने लगे। आरोप है कि युवकों ने रास्ते में उसके बारे में आपत्तिजनक कमेंट किए और उसे रोकने की कोशिश की।
युवती किसी तरह वहां से निकलकर अपनी दुकान तक पहुंची। इसके बाद उसने युवकों का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में युवकों के चेहरे के साथ स्कूटी का नंबर भी दिखाई दे रहा था। पुलिस के अनुसार स्कूटी का नंबर MP43 ZE 7695 है।
पिता के पहुंचने के बाद भी जारी रहा विवाद
घटना के बाद युवती ने फोन करके अपने पिता को पूरी बात बताई। जानकारी मिलने पर उसके पिता मौके पर पहुंचे। युवती के अनुसार, उस समय भी आरोपी बताए जा रहे युवक आसपास मौजूद थे।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने युवकों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने धमकी दी। युवती का कहना है कि आरोपियों ने उसके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी भी दी। इसके बाद परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से शिकायत की।
वीडियो और स्कूटी नंबर से पुलिस को मिला सुराग

माणकचौक थाना पुलिस ने युवती द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और स्कूटी नंबर के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों के हुलिए की भी जानकारी जुटाई।
माणकचौक थाने के सब इंस्पेक्टर शांतिलाल चौहान के अनुसार, जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान अब्दुल रहमान (28), पिता अताउर रहमान, निवासी माणकचौक के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आसिफ और माया उर्फ एहमद की तलाश
पुलिस के अनुसार, मामले में आसिफ पिता इकबाल, निवासी भुट्टा बाजार और माया उर्फ एहमद पिता इरदीश खान, निवासी हाट रोड की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जिस MP43 ZE 7695 नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल घटना में होने की बात सामने आई है, वह माया उर्फ एहमद की है। मामले में तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने पैदल घुमाया
अब्दुल रहमान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गुरुवार को उसे माणकचौक थाना क्षेत्र में पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। इस दौरान इलाके में लोगों की नजर भी पुलिस कार्रवाई पर रही।
पुलिस अब मामले में फरार बताए जा रहे दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी
फिलहाल इस मामले में एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। युवती द्वारा बनाए गए वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
