
रतलाम। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक 36 वर्षीय महिला का शव उसके घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल पर खून भी बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान देवीबाई, पति स्वर्गीय रायसिंह डामोर, निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना, सब इंस्पेक्टर प्रतापसिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा बनाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
खेत जाते ग्रामीण की नजर शव पर पड़ी
शुक्रवार सुबह गांव का अन्नुसिंह रोज की तरह खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह देवीबाई के घर के सामने से गुजरा। देवीबाई सामान्य तौर पर घर के बरामदे में खाट पर सोती थीं, लेकिन उस सुबह वह जमीन पर पड़ी दिखाई दीं।
अन्नुसिंह ने पास जाकर देखा तो महिला खून से लथपथ हालत में थी। उसके सीधे कान के पास सिर में गहरी चोट नजर आई। इसके बाद उसने तुरंत देवीबाई के देवर भूरालाल डामोर को घटना की जानकारी दी।
सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के सिर पर धारदार हथियार से चोट किए जाने जैसे निशान सामने आए हैं। जमीन पर खून मिलने के कारण पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। हालांकि महिला की मौत वास्तव में किस वजह से हुई, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितियों को दर्ज किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच की
मामले की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रतलाम से एएसपी राकेश पंद्रों और एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा रावटी और सरवन थाना प्रभारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या की आशंका है। पुलिस फिलहाल मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला के साथ घटना कब हुई और इसके पीछे क्या कारण हो सकता है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कक्षा 11 में पढ़ता है बेटा, बेटी हॉस्टल में
देवीबाई के परिवार में उनका बेटा गोलू और बेटी काजल हैं। बेटा रतलाम में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रहा है। वहीं बेटी सैलाना के हॉस्टल में रहकर सीएम राइज स्कूल में पढ़ाई करती है।
देवीबाई का मायका सरवन थाना क्षेत्र के सेमलखेड़ा गांव में बताया गया है। उनके पति रामसिंह डामोर की वर्ष 2012-13 में मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद देवीबाई गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं।
मामले की जांच जारी
फिलहाल शिवगढ़ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। महिला की मौत के पीछे हत्या है या कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
📢 हमारे अन्य प्लेटफॉर्म से जुड़ें:
📞 खबरों व विज्ञापन के लिए संपर्क करें:
9977238238, 9977290137
